सरकार भूमि पर नहीं होने दें अतिक्रमण - जिला कलक्टर
फास्ट न्यूज़ इण्डिया / जयन्त पोरवाल झालरापाटन : राजस्थान जिला झालावाड़ अंतर्गत आरयूआईडीपी के सीवरेज कार्यों तथा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के सन्दर्भ में जिला कलक्टर हरि मोहन मीना की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि आरयूआईडीपी इस प्रकार कार्य करें कि उनके कार्य से आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने आरयूआईडीपी के अधिकारी को निर्देशित किया कि वे सीवरेज कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ को निर्देशित किया कि वे सीवरेज कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण न करने वाले आरयूआईडीपी के अधिकारियों व ठेकेदारों के विरूद्ध पब्लिक न्यूसेंस की धाराओं के अन्तर्गत उचित कार्यवाही करें। जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को प्रकोष्ठ गठित कर आरयूआईडीपी के कार्यों की मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक सप्ताह इसकी रिपोर्ट जिला कलक्टर कार्यालय को प्रेषित करने के लिए कहा।
जिला कलक्टर ने सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण कार्यों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद् आयुक्त एवं नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नगर परिषद् एवं नगर पालिका के स्वामित्व वाली भूमि पर अतिक्रमण न होंने दें। जहां अतिक्रमण हो रहा है वहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें।
चारागाह व अन्य सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं होंने दें
उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र की चारागाह व अन्य सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं होंने दें। अगर किसी ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है तो उनके निर्माण कार्य को ध्वस्त कर सामान जप्त की कार्यवाही अमल में लाएं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें