जिला कलक्टर ने कोविड केयर सेन्टर एवं ऑक्सीजन गैस प्लान्ट का किया निरीक्षण
फास्ट न्यूज़ इण्डिया/जयन्त पोरवाल : जिले में कोविड संक्रमण के कारण बढ़ते मरीजों की संख्या में हो रही लगातार बढ़ोतरी के कारण एसआरजी अस्पताल का कोविड वार्ड फुल हो गया है जिसके मद्देनजर इंजीनियरिंग कॉलेज, पोलिटेक्निक कॉलेज तथा हॉर्टिकल्चर कॉलेज के हॉस्टल्स में कोविड केयर सेन्टर बनाए गए हैं। जिला कलक्टर हरि मोहन मीना ने शनिवार को पोलिटेक्निक कॉलेज एवं हॉर्टिकल्चर कॉलेज स्थित कोविड केयर सेन्टर तथा ऑक्सीजन सिलेण्डर प्लान्ट का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा से बड़ा कुछ भी नहीं है जिले के नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण ऑक्सीजन सिलेण्डर की मांग भी बढ़ गई है। सिलेण्डर की आपूर्ति निर्बाध रूप से बनाए रखने के लिए सिया गैसेज के संचालक को मेडिकल कॉलेज झालावाड़ को सिलेण्डर की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने सिया गैसेज के संचालक और प्रबंधक को अन्यत्र जिलों में आक्सीजन गैस सिलेण्डर आपूर्तिकर्ताओं से भी जिले में आक्सीजन सिलेण्डर की आपूर्ति बनाए रखने के लिए बात करने के लिए कहा। उन्होंने ऑक्सीजन गैस का प्रयोग बहुत सूझबूझ एवं मित्वयता से करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए कोविड प्रोटोकोल की पालना करें। फेस मास्क पहनें, हाथों को बार-बार साबुन से धोएं एवं सैनटाइज करें तथा दो गज की दूरी बनाएं रखें। अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, भीड़-भाड़ से दूर रहें।
ऑक्सीजन की आपूर्ति पर निगरानी एवं नियन्त्रण हेतु कमेटी गठित
जिला कलक्टर ने बताया कि ऑक्सीजन की आपूर्ति पर सतत् निगरानी एवं नियंत्रण रखने हेतु कमेटी गठित की गई है। उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ को ऑक्सीजन गैस प्राप्ति, वितरण एवं उपयोग के लिए पर्यवेक्षण नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि दल द्वारा मैसर्स सिया गैसेज प्लान्ट का स्टॉक, प्राप्ति, वितरण का प्रतिदिन निरीक्षण किया जाएगा, उक्त दल की उपस्थिति में ऑक्सीजन टैंकर से सिलेण्डर की रिफलिंग का कार्य किया जाएगा। ऑक्सीजन गैस सप्लाई सर्वप्रथम मेडिकल कॉलेज में की जाएगी। निजी अस्पताल को कोविड भर्ती करने पर ही मेडिकल कॉलेज डीन की अध्यक्षता में गठित कमेटी की अनुशंसा पर ही ऑक्सीजन सिलेण्डर की आपूर्ति की जाएगी। उक्त दल मेडिकल कॉलेज में स्थित ऑक्सीजन प्लान्ट का प्रतिदिन निरीक्षण करेगा तथा गैस का समुचित उपयोग एवं ऑक्सीजन की प्राप्ति व उत्पादन से लेकर मरीजों के उपयोग तथा गैस के न्यूनतम उपयोग व लिकेज की निगरानी सुनिश्चित करेगा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें