ऑक्सीजन प्लान्ट एवं सैटेलाइट अस्पताल का किया निरीक्षण
फ़ास्ट न्यूज़ इण्डिया/जयन्त पोरवाल झालरापाटन:
जिला कलक्टर झालावाड़ ने बुधवार को श्री राजेन्द्र सार्वजनिक चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज झालावाड़ में एनएचएम के माध्यम से स्थापित ऑक्सीजन प्लान्ट को अपग्रेड करने के पश्चात् निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने बताया कि एसआरजी अस्पताल में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिए नई दिल्ली से एडवान्स्ड रेग्यूलेशन कन्ट्रोल पैनल लाकर ऑक्सीजन प्लान्ट में लगाया गया है। इसके पश्चात् जिला कलक्टर ने एसआरजी अस्पताल में कोविड के मरीजों के बढ़ते दबाव को देखते हुए झालरापाटन स्थित सैटेलाइट अस्पताल को कोविड केयर सेन्टर के रूप में उपयोग हेतु शीघ्र तैयार करने के संबंध में निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ मुहम्मद जुनैद, नगर परिषद् आयुक्त रूही तरन्नुम आदि मौजूद रहे।
निःशुल्क मिलेगा टेलीमेडिसिन चिकित्सकीय परामर्श
श्री राजेन्द्र सार्वजनिक चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. संजय पोरवाल ने बताया कि कोविड-19 के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला अस्पताल द्वारा शीघ्र ही कोविड टेलीमेडिसिन चिकित्सकीय परामर्श खोलने का निर्णय लिया गया है। इस पर विशेषज्ञ चिकित्सक कोविड-19 बीमारी से ग्रसित मरीजों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने के लिए हैल्पलाइन प्रारंभ की जा रही है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें